
गिद्धौर पुलिस ने अफीम तस्करी के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान प्रखंड मुख्यालय के पांडेय मोहल्ला निवासी प्रयाग दांगी के पुत्र सुरेंद्र दांगी के रूप में की गई है। उसे शनिवार को उसके आवास से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि बीते मंगलवार को 7.316 किलोग्राम अफीम के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। उसी मामले में जांच के दौरान सुरेंद्र दांगी की संलिप्तता सामने आई थी।इस तस्करी कांड में कई अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी

गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इनमें पूर्व जिला परिषद सदस्य बालेश्वर प्रसाद दांगी के पुत्र राजेश दांगी, जागेश्वर दांगी के पुत्र विकास कुमार, बारिसाखी के श्रवण यादव तथा पेक्सा के राजू दांगी के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, पूर्व जिप सदस्य बालेश्वर प्रसाद दांगी के पुत्र राजेश दांगी के रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव स्थित मकान से 4.728 किलोग्राम अफीम बरामद किया गया था। इसके अलावा पत्थलगड्ढा के मिथलेश दांगी के पास से 2.588 किलोग्राम अफीम जब्त की गई थी।इस मामले में कुल 9 लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से 5 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि बाकी अब भी फरार हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, तस्करी नेटवर्क के अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है। जिले में अफीम तस्करी को लेकर पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान जारी है।



